वृंदावन में 11 महीने पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुईं साध्वी चंद्रमुखी देवी की गुमशुदगी की गुत्थी अब एक जघन्य हत्या के रूप में सुलझ गई है। मथुरा पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए एक जिम संचालक सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि साध्वी की करोड़ों की संपत्ति हड़पने के लिए यह पूरी साजिश रची गई थी।
क्या है पूरा मामला?

वृंदावन के गौशाला नगर में रहने वाली साध्वी चंद्रमुखी देवी (उर्फ चित्रा दासी), जो पिछले 35 वर्षों से यहां रह रही थीं, 21 दिसंबर 2024 को अचानक लापता हो गईं। उनके पति की मृत्यु हो चुकी थी और उनका कोई सीधा कानूनी वारिस नहीं था। जब कई दिनों तक उनके मकान का ताला नहीं खुला, तो पड़ोसियों और उनके गुरु भाई संत लाड़ली दास ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया।
फर्जी कागजात से खुला हत्या का राज
शुरुआती जांच में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। मामले ने तब एक नया मोड़ लिया जब साध्वी के मकान से जुड़े फर्जी वसीयत और रजिस्ट्री के कागजात सामने आने लगे। इससे साध्वी की हत्या कर संपत्ति हड़पने की आशंका बढ़ गई। स्थानीय संतों और लोगों के बढ़ते दबाव के बाद, एसएसपी ने मामले की जांच सीओ सिटी आशना चौधरी को सौंप दी। 15 नवंबर 2025 को फर्जीवाड़े और हत्या की आशंका में नया मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ चौधरी के नेतृत्व में टीम ने महज 20 दिनों के भीतर इस केस का खुलासा कर दिया।
कर्ज में डूबे जिम संचालक ने रची साजिश
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अभिषेक शर्मा, जो एक जिम चलाता है, ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया। अभिषेक पर भारी कर्ज था और उसे चुकाने के लिए उसने साध्वी की अकेली और बेवारिस संपत्ति को निशाना बनाया।उसने अपने दोस्त विजय सिंह, वकील मोहम्मद, ओंकार सिंह और विकास मिश्रा के साथ मिलकर साध्वी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पहचान मिटाने और सबूत नष्ट करने के लिए, आरोपियों ने साध्वी के शव को यमुना नदी के पार ले जाकर पहले से तैयार लकड़ी के ढेर पर जला दिया।

पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
हत्या के बाद, आरोपियों ने साध्वी के घर का ताला तोड़ा और वहां से उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और संपत्ति के मूल दस्तावेज चुरा लिए। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उन्होंने साध्वी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी तैयार करवा लिया था। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों के कब्जे से साध्वी के मकान के मूल दस्तावेज, पहचान पत्र और फर्जी वसीयत जैसे अहम सबूत बरामद किए हैं। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read:
लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल पकड़ा गया! बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में बड़ी कार्रवाई
