बांग्लादेश की राजनीति में शनिवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब एक विशेष अदालत ने देश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी करार दिया। यह फैसला पिछले साल हुए छात्र आंदोलन पर हुई हिंसक कार्रवाई से जुड़ा है, जिसमें बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मारे गए थे।
कई महीनों तक चली सुनवाई के बाद आया यह फैसला ढाका के माहौल को और ज्यादा तनावपूर्ण बना रहा है। राजधानी और आसपास के इलाकों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
क्या हैं बड़े आरोप?
अदालत ने शेख हसीना को पाँच गंभीर आरोपों में दोषी पाया:
- छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ घातक कार्रवाई की साजिश रचना.
- निहत्थे छात्रों पर हेलीकॉप्टर और ड्रोन से फायरिंग करवाने का आदेश
- छात्र नेता अबू सईद की हत्या
- सबूत मिटाने के लिए मृतकों के शव जलाने के निर्देश.
- प्रदर्शनकारियों की सुनियोजित हत्या.
शेख हसीना अगस्त 2024 से भारत के नई दिल्ली में निर्वासन में रह रही हैं। उनकी अनुपस्थिति में ही पूरा मुकदमा चला और फैसला सुनाया गया। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है।

सरकार ने पहले ही बढ़ा दी थी सुरक्षा
फैसले की संवेदनशीलता को देखते हुए, मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने :
- अदालत परिसर के बाहर सशस्त्र गार्ड तैनात किए
- ढाका में दंगा पुलिस और रैपिड एक्शन बल की मौजूदगी बढ़ाई.
- भीड़ नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा घेरे बनाए.
- इंटरनेट और सोशल मीडिया गतिविधियों पर कड़ी निगरानी शुरू की.
सरकार का कहना है कि किसी भी हाल में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।
आवामी लीग का जोरदार विरोध.
फैसले के बाद हसीना की पार्टी आवामी लीग ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है और पूरे देश में विरोध प्रदर्शन, हड़ताल, ढाका बंद की घोषणा कर दी है। पार्टी के नेताओं का आरोप है कि यूनुस सरकार “राजनीतिक बदले” की कार्रवाई कर रही है।
कुछ नेताओं ने यह भी दावा किया है कि नई सरकार के शासन में हिंदू समुदाय खतरे में है — हालांकि अंतरिम सरकार ने इन बयानों को गलत और भड़काऊ बताया है।
हसीना के बेटे की धमकी: चुनाव नहीं होने देंगे
पूर्व PM की अनुपस्थिति के बीच, उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय ने सबसे कड़ा बयान देते हुए कहा:
“अगर हमारी पार्टी पर लगा प्रतिबंध नहीं हटाया गया, तो हम फरवरी में होने वाले राष्ट्रीय चुनाव को रुकवा देंगे। हमारे समर्थक सड़कों पर उतरेंगे।”
उनके इस बयान से देश में तनाव और बढ़ गया है और कई जिलों में आवामी लीग कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
आगे क्या हो सकता है?
शेख हसीना बांग्लादेश की सबसे ताकतवर नेताओं में मानी जाती हैं। ऐसे में:
- फैसला देश की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है.
- आवामी लीग के प्रदर्शन उग्र रूप ले सकते हैं
- चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है.
- अंतरिम सरकार को कानून-व्यवस्था संभालने में बड़ी चुनौती आ सकती है.
- विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले कुछ दिन बांग्लादेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे।
Also Read :
14,000 Crore घोटाला? — Bihar Election 2025 में PK का सबसे बड़ा दावा क्या है पूरा विवाद?
कश्मीर के नौगाम पुलिस स्टेशन में जबरदस्त ब्लास्ट:9 की मौत, 29 घायल!
